Advertisement Carousel

बालोद में मौत बनकर दौड़ी बस! यात्रियों से भरी बस पलटी, एक की मौत, 25 से ज्यादा घायल

बालोद। बालोद में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। यात्रियों से भरी डीआरडी कंपनी की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्रियों के घायल होने की सूचना है। कुछ यात्रियों के बस के नीचे दबे होने की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे और यह बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के समीप बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

हादसे के बाद बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस चालक की लापरवाही की बात सामने आ रही है। वहीं बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने की चर्चा ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, ओवरलोडिंग और हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों, बस की स्थिति और यात्रियों की संख्या की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!