रायपुर, 19 सितंबर 2026। बच्चों के व्यक्तित्व, भावनात्मक विकास और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से Progressive Utilisation of Research & Economics (PURE) द्वारा महाराणा प्रताप स्कूल, भाटागांव में Parenting Training Program आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के अभिभावकों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मुख्य वक्ता डॉ. सत्यजीत साहू, MD, Goodwill Hospital, Raipur ने कहा कि बच्चों का विकास केवल पढ़ाई और शैक्षणिक उपलब्धियों से तय नहीं होता, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव, संवाद, विश्वास और पारिवारिक माहौल की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की भावनाओं, जिज्ञासाओं और स्वतंत्र सोच को समझने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में सकारात्मक पालन-पोषण, बच्चों को सुनना-समझना, प्रभावी संवाद, भावनात्मक सुरक्षा और अनुशासन जैसे विषयों पर व्यावहारिक चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन PURE की अध्यक्ष स्वाति देवांगन ने किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सामाजिक बदलाव की शुरुआत परिवार से होती है।
कार्यक्रम में एडवोकेट संतोष ठाकुर, सुनील शर्मा, सूरज दुबे और डॉ. संगीता कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में स्कूल की प्राचार्य भारती ठाकुर ने आभार जताते हुए स्कूल और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।
