बीजापुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
बरामद सामग्री में एक SLR/LMG रायफल, एक INSAS रायफल, एक .315 बोर बंदूक, दो BGL लॉन्चर, 17 BGL सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा SLR के 49 राउंड, .315 बोर के 15 राउंड, 15 BGL कारतूस, चार SLR मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है।
सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और डंप से जुड़े माओवादी नेटवर्क की पतासाजी की जा रही है।
सितंबर में लगातार बरामद हो रहे नक्सली डंप
बीजापुर में सितंबर महीने के दौरान सुरक्षा बलों की अलग-अलग कार्रवाइयों में कई स्थानों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। 20 सितंबर को भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद हुए थे। 16 सितंबर को फरसेगढ़ के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, कारतूस, 8 किलो जिलेटिन, वॉकी-टॉकी और अन्य उपकरण मिले थे। 10 सितंबर को मिरतुर क्षेत्र में डेटोनेटर, ग्रेनेड और वायर बरामद हुए, जबकि 1 सितंबर को भोपालपटनम के नीलमड़गु जंगल से BGL लॉन्चर, BGL सेल, 12 बोर के कारतूस और अन्य सामग्री मिली थी।
