रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल ने प्रदेशभर के 125 से अधिक शिक्षकों का सम्मान किया। काउंसिल की ओर से आयोजित विशेष ऑनलाइन फेलिसिटेशन कार्यक्रम में शिक्षकों को Certificate of Appreciation प्रदान कर शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण में उनके योगदान को सम्मानित किया गया। इसके बाद राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय में आयोजित सादे एवं गरिमामय समारोह में शिक्षकों को प्रत्यक्ष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में रायपुर के अलावा दुर्ग, भिलाई, धमतरी, जगदलपुर, सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिक्षक शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी के संस्कार, चरित्र, व्यक्तित्व और सामाजिक जिम्मेदारी के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि संस्था प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को करियर के लिए निशुल्क ट्यूशन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी आने वाले समय में विद्यार्थियों के हित में पहल की जाएगी।
कार्यक्रम की संयोजिका एवं काउंसिल लेडीज विंग की अध्यक्ष रतनजीत कौर रहीं। इस अवसर पर काउंसिल के जनरल महासचिव गगन सिंह हंसपाल, राजू गुंबर, दलविंदर बेदी, गुरदीप टुटेजा सहित पदाधिकारी, सदस्य और शिक्षक मौजूद रहे। सम्मानित शिक्षकों ने इस पहल के लिए काउंसिल का आभार जताया।
