Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रभारी बनीं स्मृति ईरानी, सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी, सीएम साय ने दी बधाई

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने की नियुक्तियां, सीएम साय ने दी बधाई

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आदेश के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई नियुक्ति पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सीएम साय ने कहा कि स्मृति ईरानी का दीर्घकालिक राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में संगठन और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शंभू की सक्रिय सहभागिता से संगठनात्मक कार्यों को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी शुभकामनाएं दीं।

स्मृति ईरानी का राजनीतिक सफर

स्मृति ईरानी वर्ष 2003 में भाजपा से जुड़ीं। 2004 में उन्हें भाजपा महाराष्ट्र युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2010 में वह भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं। 2011 में पहली बार गुजरात से राज्यसभा सांसद चुनी गईं। 2014 में उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा और केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उन्होंने कपड़ा तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का दायित्व भी संभाला। 2019 में अमेठी से राहुल गांधी को हराकर लोकसभा पहुंचीं। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें अमेठी सीट से हार का सामना करना पड़ा।

सिद्धार्थ शंभू का संगठनात्मक अनुभव

छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी बनाए गए सिद्धार्थ शंभू वर्ष 1995 से भाजपा से जुड़े हैं और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह बिहार भाजपा में तीन बार प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2025 में उन्हें सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन का नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। वर्ष 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। अब उन्हें छत्तीसगढ़ में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा के इस बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ संगठन में नए प्रभारी और सह-प्रभारी के नेतृत्व में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!