Advertisement Carousel

अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में खनिज विभाग की कार्रवाई, वाहन मालिकों पर प्रकरण दर्ज


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 2 अक्टूबर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर विभाग के उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत और पत्थर से भरे छह ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।


खनिज विभाग के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे चार ट्रैक्टर पकड़े गए। इन वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।


विभाग ने जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के बाद ही नियमानुसार वाहनों को मुक्त किया जाएगा।


कलेक्टर ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!