Advertisement Carousel

भाजपा के सदस्यता अभियान का आगाज अगले माह, 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य

रायपुर । भाजपा के बहुप्रतीक्षित सदस्यता अभियान की शुरुआत अगले महीने से होने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत दो सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा सदस्यता लेने से होगी। इसके अगले ही दिन से राज्यों में अभियान शुरू किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इस अभियान का आगाज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन सितंबर को सदस्यता ग्रहण कर करेंगे।

अभियान की सबसे खास बात यह है कि प्रदेश की सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद, और भाजपा के जिलों के पदाधिकारी भी बूथों तक पहुंचकर इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। भाजपा ने प्रदेश में 50 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे हासिल करने के लिए बूथ स्तर पर काम किया जाएगा।

पुरानी सदस्यता रद्द, नए सिरे से अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने इस बार एक बड़ा निर्णय लेते हुए पुराने 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता को रद्द कर दिया है। अब 2024 से सभी सदस्यों को नए सिरे से सदस्यता लेनी होगी। इसके लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गई है। इस अभियान के तहत, पूरे देश में पुराने सदस्यों के साथ-साथ 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

छत्तीसगढ़ में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ में भाजपा का लक्ष्य 50 लाख नए और पुराने सदस्यों को जोड़ना है, जबकि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सदस्यता अभियान के लिए भाजपा का हमेशा से बूथों पर फोकस रहता है, और इस बार भी यह प्राथमिकता बनी हुई है।

जिलों और बूथों पर जोर

अभियान का जिला स्तर पर आरंभ चार सितंबर से होगा, जबकि बूथों पर अभियान 6 सितंबर से शुरू होगा। सभी सांसदों को 20-20 हजार और विधायकों को 10-10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। भाजपा के मंत्रियों को भी जिलों में जाकर अभियान की शुरुआत करनी होगी।

यह सदस्यता अभियान 25 सितंबर तक चलेगा और फिर से 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक एक और दौर चलाया जाएगा। इस अभियान में बूथ स्तर पर हर नेता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे भाजपा का जनाधार और भी मजबूत हो सके।

error: Content is protected !!