Advertisement Carousel

रोड सेफ्टी में पुलिस मितान बनेंगे सरकार के मजबूत सहयोगी – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


रायपुर के सड्डू स्थित शांति सरोवर में पुलिस मितान सम्मेलन, एप का हुआ शुभारंभ


रायपुर, 21 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के अभियान में पुलिस मितान अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित शांति सरोवर में आयोजित पुलिस मितान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस मितान न केवल नागरिकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करेंगे, बल्कि गांवों और मोहल्लों में पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम को भी बेहतर बनाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस मितान एप का शुभारंभ भी किया।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में “मितान” बनाने की मानवीय परंपरा रही है और पुलिस को मितान बनाकर सड़क सुरक्षा का संकल्प लेना अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खोने वाले परिवारों की क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं होती, इसलिए दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।


मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पुलिस मितान साथियों के निरंतर प्रयासों से प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और आम नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित बनेगा। उन्होंने रायपुर जिले की इस पहल को प्रदेश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री बस सेवा योजना प्रारंभ की गई है, जिसके तहत दूरस्थ और कम लाभप्रद रूटों पर भी बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी तथा घाटे की भरपाई राज्य सरकार करेगी।


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस से अच्छा कोई मितान नहीं हो सकता। पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन और निष्ठा से ड्यूटी निभाते हैं। अब पुलिस मितान समाज की सुरक्षा में पुलिस के साथ सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे मजबूत माध्यम है।


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस मितान साथियों को हेलमेट एवं फर्स्ट ऐड किट वितरित की तथा आयोजन में सहयोग करने वाले समाज सेवियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर 4500 पुलिस मितानों को हेलमेट और प्रत्येक गांव को फर्स्ट ऐड किट प्रदान की गई।


पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिस मितान योजना सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक प्रभावी पहल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने स्वागत भाषण दिया।


कार्यक्रम में शासकीय दिव्यांग विद्यालय, माना कैंप के बच्चों द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित प्रेरक गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई।


इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अमित कुमार, आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा, ब्रह्मकुमारी सविता दीदी, राम गर्ग सहित बड़ी संख्या में पुलिस मितान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!