मोहल्ले में रील और डांस वीडियो के लिए थी चर्चित
दुर्ग। भिलाई छावनी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बाद एक महिला ने आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी। वह गृहिणी थी और इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी। रील और वीडियो बनाने को लेकर पति को आपत्ति थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद जब बच्चे ट्यूशन के लिए घर से बाहर गए, तब अंजली ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ट्यूशन से लौटने पर बच्चों ने अपनी मां को फंदे पर लटका देखा और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि अंजली मोहल्ले में अपने रील और डांस वीडियो के कारण काफी चर्चित थी। उसने 26 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी आखिरी पोस्ट अपलोड की थी। इसके अलावा दिसंबर महीने में भी उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसमें उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तब उसकी जान बच गई थी।
