अंबिकापुर। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दरिमा तहसील में पदस्थ आरोपी अनिल कुमार गुप्ता को अंबिकापुर के घड़ी चौक पर 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ लिपिक अखिलेश सोनी से आरोपी ने 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोपी ने खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो में प्रभावशाली बताते हुए कार्रवाई से बचाने का झांसा दिया था।
पीड़ित की शिकायत पर ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त लेते ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
