रायपुर, 03 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत बलरामपुर प्रवास के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अब लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक के दौरान उस समय माहौल गंभीर हो गया, जब लोक निर्माण विभाग (PWD) का एक अधिकारी सड़क मरम्मत से जुड़ी सही जानकारी नहीं दे पाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “मीटिंग से बाहर जाइए, अपने सचिव से बात करिए और सही जानकारी लेकर आइए।” इस घटना के बाद बैठक कक्ष में सन्नाटा छा गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का विकास सड़कों से दिखता है, इसलिए मानसून से पहले एक भी सड़क खराब नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने PWD को समय-सीमा में सभी सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए और आबादी क्षेत्रों को प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को नसीहत देते हुए कहा कि हर कार्यालय सेवा तीर्थ है, जहां जनता की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बड़ी घोषणाएं और निर्देश
राज्य के सभी राजस्व अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जाएगा
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, टोल फ्री नंबर पर दर्ज होंगी शिकायतें
कलेक्टरों को समयबद्ध राजस्व मामलों के निराकरण के निर्देश
DMF फंड का उपयोग खनन प्रभावित गांवों के विकास में ही हो
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि DMF निधि का उपयोग मुख्यालयों में नहीं, बल्कि प्रभावित क्षेत्रों में ही किया जाए।
जनहित से जुड़े अहम निर्देश
पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से पानी की व्यवस्था
मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी
किसानों के लिए बीज, खाद और धान की उपलब्धता सुनिश्चित
कलेक्टरों को सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि वे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन करें और जरूरत पड़ने पर कठोर कार्रवाई से भी न हिचकें।
बैठक में प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक उद्देश्वरी पैकरा, विधायक शकुंतला पोर्ते और जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
