महासमुंद। जिले के पिथौरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुखीपाली में मादा नीलगाय के शिकार का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर वन अमले ने खेत में दबिश दी, जहां आरोपी एक मादा नीलगाय का शिकार कर रहे थे। आरोपियों ने करीब चार वर्ष की नीलगाय पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मार डाला था। मौके से जोहित और सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
वन विभाग ने मृत नीलगाय को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी एस. आर. निराला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
