दुर्ग, कुम्हारी के वार्ड नंबर 4 में सोमवार देर शाम हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और इसी दौरान गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के घरों तक कंपन महसूस किया गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। आग और धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में आग लगने के बाद सिलेंडर ब्लास्ट होने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
