Advertisement Carousel

अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, ₹1.01 करोड़ नगद, AK-47 समेत हथियारों का जखीरा बरामद


माड़ बचाओ अभियान में पुलिस, DRG, STF, ITBP और BSF की संयुक्त कार्रवाई, नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे “माड़ बचाओ अभियान” के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जंगलों में छिपाकर रखे गए ₹1.01 करोड़ से अधिक नगद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के खिलाफ अब तक की बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह संयुक्त अभियान नारायणपुर पुलिस, DRG, STF, ITBP और BSF द्वारा अबूझमाड़ की महाराष्ट्र सीमा से लगे घने जंगलों में चलाया गया। सर्चिंग के दौरान जवानों को संदिग्ध स्थानों पर छिपाकर रखे गए बैग और कंटेनर मिले, जिनकी जांच करने पर बड़ी मात्रा में नकदी और हथियार बरामद हुए।

बरामद हथियारों में AK-47, SLR, इंसास रायफल और .303 रायफल शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कारतूस, BGL सेल, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर और IED बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है। सुरक्षा बलों को मौके से वॉकी-टॉकी सेट, मोटोरोला संचार उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी मिले हैं, जिनका उपयोग नक्सली गतिविधियों में किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई ग्रामीणों से मिली सूचना और मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क की मदद से संभव हो सकी। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद यह बड़ी रिकवरी हुई।

एसपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल लगातार नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अभियान चला रहे हैं और इस कार्रवाई से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है।

उन्होंने यह भी कहा कि अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नगद और हथियारों की बरामदगी से नक्सलियों की आर्थिक और सैन्य क्षमता दोनों प्रभावित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!