अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम से ग्रामीणों की झड़प, कर्मचारियों की वर्दी फाड़ी
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। घटना में टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। वहीं कई वनकर्मियों की वर्दी भी फट गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, जैतपुरी गांव में करीब 250 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत पर वन विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों की भारी भीड़ ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने वन अमले के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
हंगामे के बीच वन विभाग की टीम 4 से 5 लोगों को गिरफ्तार करने में सफल रही, लेकिन विरोध इतना बढ़ गया कि अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके से किसी तरह निकलना पड़ा।
घटना में उपनिदेशक समेत कई कर्मचारियों के साथ अभद्रता किए जाने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और हमला करने वालों के खिलाफ जल्द ही FIR दर्ज कराई जाएगी।
घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने मामले की रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है। वहीं इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
