Advertisement Carousel

मवेशी तस्करी के दो मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार, 23 मवेशी और पिकअप जब्त


बलरामपुर। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक पिकअप वाहन को जब्त करने के साथ ही कुल 23 मवेशियों को मुक्त कराया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


जानकारी के अनुसार, पस्ता पुलिस को मुखबिर और गौ रक्षकों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को झारखंड स्थित बूचड़खाने ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।


पहले मामले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से ले जाए जा रहे 11 नग मवेशियों को बरामद किया। वाहन में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने 12 नग मवेशियों को पैदल बूचड़खाने की ओर ले जाते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई में भी शामिल आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनके खिलाफ पशु क्रूरता एवं संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।


दोनों मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जब्त किए गए 23 मवेशियों को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है। पस्ता थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!