Advertisement Carousel

मोदी सरकार के 12 साल महिला सशक्तीकरण और अन्त्योदय को समर्पित : रूपकुमारी चौधरी



उज्ज्वला, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, पीएम आवास और जल जीवन मिशन को बताया सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल महिला सशक्तीकरण और अन्त्योदय के संकल्प को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में विकास की नई परिभाषा गढ़ी गई है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है।


श्रीमती चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं के जीवन को सम्मानजनक और सुविधाजनक बनाने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालयों ने सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित की है।


उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ मोदी सरकार की ऐतिहासिक राजनीतिक उपलब्धि है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल और जनधन खातों के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को भी उन्होंने सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया।


सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आज भारत की बेटियाँ रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है और भारत वैश्विक स्तर पर ‘विश्व बंधु’ के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।

error: Content is protected !!