बोदरी में 42 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सामुदायिक भवन सहित कई विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर, 14 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि संत शिरोमणि गाडगे बाबा के सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के आदर्शों पर चलकर समरस, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गाडगे बाबा ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सुधार और जनसेवा के लिए समर्पित किया तथा छुआछूत, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर समाज को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री रविवार को बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क अधोसंरचना किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है और इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन, संत गाडगे बाबा के स्वच्छता और जनजागरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये तथा संत गाडगे भवन के लिए 25 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा सन्नडय कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 60 लाख रुपये तथा वर्मा समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने धमनी-चकरभाठा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन, बोदरी में एयरपोर्ट के समीप खेल मैदान उपलब्ध कराने और जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज के मेधावी विद्यार्थियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और समाज के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और सेवा भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा सामाजिक संगठनों की भूमिका समाज को संगठित और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण होती है।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
