रायपुर। FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने गूगल सर्च के जरिए पीड़ित को FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर फर्जी निवेश योजना में फंसाया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जबकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को FOREX ट्रेडिंग की जानकारी गूगल पर खोजने के दौरान उनका संपर्क FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से हुआ। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें और उनके भतीजे को निवेश के लिए प्रेरित किया। आरोपियों के बताए अनुसार दोनों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो कोई लाभ मिला और न ही निवेश की राशि वापस की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, टेलीग्राम आईडी और डिजिटल गतिविधियों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली। पुलिस टीम ने वहां लगातार कैंप कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26) निवासी जयपुर (राजस्थान) तथा संदीप कुमार (24) निवासी सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यू राजेंद्र नगर थाना में अपराध क्रमांक 159/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
