गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मैनपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर मैनपुर पुलिस ने क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक सफेद डस्टर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर वाहन में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र निवासी आर्यन मालवीय और अभिषेक मेहस्कर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
