हजारों लोगों के साथ गूंजा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का संकल्प, एक किलोमीटर लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान
रायपुर आज देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाथ में तिरंगा थामकर यात्रा का नेतृत्व किया। हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और पूर्व सैनिक यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्र सर्वोपरि के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों ने करीब एक किलोमीटर लंबे तिरंगे के साथ हिस्सा लिया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। यह 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी से राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह और जननायक गुण्डाधुर की शौर्यगाथा का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि इन महानायकों का संघर्ष और बलिदान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
सीएम साय ने बदलते बस्तर का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बस्तर में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा और गांव-गांव तिरंगा लहराएगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति बताया, जबकि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति कहा।
