Advertisement Carousel

युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ : साय

रायपुर, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत से जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम साय ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं को सेवा और नेतृत्व के अवसर दिए जाएं। उन्होंने ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने पर भी जोर दिया।

6.60 लाख से अधिक युवा जुड़े

बैठक में बताया गया कि देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं। माय भारत के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

देशभर में 24,900 से अधिक एक्सपीरियेंशियल लर्निंग प्रोग्राम के जरिए 1.21 लाख युवाओं को शासन की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ऐसे कार्यक्रमों में 2,389 से अधिक युवा शामिल हुए हैं। वहीं प्रदेश में 5,778 वालंटियर अवसरों के जरिए 23,900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है।

बस्तर के युवाओं पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत से बड़े स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में वहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माय भारत के जरिए भी युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता दिखाने के नए अवसर मिलेंगे।

बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए खेल, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार समेत माय भारत के राज्य और जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!