रायपुर। गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय (PHQ) में स्टेट साइबर क्राइम कोआर्डिनेशन सेंटर का गठन किया है। सेंटर का प्रभार आईजी प्रशांत अग्रवाल को सौंपा गया है। उनके साथ डीआईजी गिरिजा शंकर जायसवाल को भी जिम्मेदारी दी गई है।
यह सेंटर प्रदेश में साइबर अपराध से जुड़े मामलों के लिए सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट के रूप में काम करेगा। साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में विभिन्न एजेंसियों और पुलिस इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सेंटर की होगी।
स्टेट साइबर क्राइम कोआर्डिनेशन सेंटर पुलिस की तकनीकी सेवा शाखा के अधीन कार्य करेगा। तकनीकी सेवा शाखा की कमान एडीजी प्रदीप गुप्ता के पास है। सेंटर के गठन से साइबर अपराध की रोकथाम, जांच और विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
