Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ में महापुरुषों की प्रतिमाओं का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड


रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का अब डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। नगरीय प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को प्रतिमाओं से संबंधित जानकारी जुटाकर रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं।


इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक प्रतिमा की वर्तमान स्थिति, स्थान, स्थापना से जुड़ी जानकारी और फोटो डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएंगे। प्रतिमाओं की देखरेख और संरक्षण की स्थिति पर भी निगरानी रखी जाएगी।


विभाग ने स्थानीय निकायों को निर्धारित बिंदुओं के आधार पर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रतिमाओं की स्थिति में हुए बदलाव को दर्ज करने के लिए हर तीन महीने में रिपोर्ट और तस्वीरें भेजने की व्यवस्था की गई है। इससे प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रखरखाव और संरक्षण की नियमित समीक्षा की जा सकेगी।


डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने के बाद नगरीय निकायों के पास अपने क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं का व्यवस्थित डेटाबेस उपलब्ध रहेगा। इससे किसी प्रतिमा की उपेक्षा या खराब स्थिति सामने आने पर संबंधित निकाय द्वारा समय पर कार्रवाई करना आसान होगा।


सरकार की इस पहल का उद्देश्य महापुरुषों की प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने के साथ उनके सम्मान और ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक संरक्षित करना भी है।

error: Content is protected !!