Advertisement Carousel

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक से हड़कंप, B.Sc. द्वितीय वर्ष की परीक्षा रद्द


रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब B.Sc. द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) की परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर लीक होने की सूचना सामने आई। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की खबर से छात्रों में नाराजगी फैल गई।


विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, सुबह करीब 8:50 बजे कवर्धा से प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। सूचना के बाद विश्वविद्यालय स्तर पर मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच के बाद करीब 10:30 बजे एंटोमोलॉजी की परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। कुलसचिव ने बताया कि छात्रों की शिकायत के आधार पर समिति गठित की गई है। समिति पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


परीक्षा रद्द होने की सूचना के बाद परीक्षार्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रद्द की गई परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी और इसकी सूचना सभी परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से दी जाएगी।


पेपर लीक की घटना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की गोपनीयता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच समिति की रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!