Advertisement Carousel

भविष्य के शहरों की जिम्मेदारी युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर: सीएम साय


राज्य गठन के बाद पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, सीएम ने सौंपे नियुक्ति पत्र


रायपुर, 9 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। सुनियोजित शहरीकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार करेगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र सौंपे।


सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ गठन के 25 वर्षों में विभाग में 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार एक साथ 21 युवा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता और प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी तथा तेजी से बढ़ते शहरीकरण को वैज्ञानिक और सुनियोजित दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है।

इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता से है। आवासीय क्षेत्र, सड़क, परिवहन, जल निकासी, व्यावसायिक गतिविधियों और सार्वजनिक सुविधाओं की दीर्घकालीन योजना बनाना जरूरी है। नवचयनित अधिकारियों से मुख्यमंत्री ने ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।


मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक तथा बिजली विभाग में 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।


वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 21 अधिकारियों की नियुक्ति से टाउन प्लानिंग को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से भर्ती में मिली पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली में भी बनाए रखने की अपील की। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा, ज्ञान और आधुनिक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवचयनित अधिकारियों के परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!