राजनांदगांव में अब तक 12 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, 7 लाख का सामान जब्त
राजनांदगांव। नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर शराब की पैकेजिंग करने वाले नेटवर्क के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में मोहारा चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 62 नग शराब, नकली होलोग्राम, शराब के लेबल, ग्रैंड i10 कार, एक्टिवा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी नकली लेबल और होलोग्राम का इस्तेमाल कर शराब की पैकेजिंग कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और नकली लेबल-होलोग्राम की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
