रायपुर। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI की टीम ने रायपुर में सितार गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर छापेमार कार्रवाई की। तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में दस्तावेजों और गुटखा स्टॉक की जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखे होने की सूचना थी। कार्रवाई के दौरान यहां 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा मिलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि गोदाम में रखा गुटखा किसका है और इसकी सप्लाई कहां से हुई।
DGGI टीम द्वारा दस्तावेजों, स्टॉक और टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। साथ ही महाराष्ट्र से रायपुर तक जुड़े कारोबारी नेटवर्क और गुटखा की सप्लाई से संबंधित जानकारी भी खंगाली जा रही है। कार्रवाई के बाद गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
