रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक किया जाएगा। राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागवार तैयारियों और प्रस्तावित प्रदर्शनी की जानकारी 22 अक्टूबर तक उपलब्ध कराने को कहा। इस बार राज्योत्सव की थीम ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’, ‘मानव पूंजी विकास’, ‘विकसित भारत’ और ‘अंजोर छत्तीसगढ़’ रखी गई है।
राज्योत्सव में प्रदेश के विकास और भविष्य की दिशा को प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के जरिए शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। आयोजन की तैयारियों के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।
