00 मुख्यमंत्री शामिल हुए महिला प्रकोष्ठ के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में
रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज रात यहां अग्रसेन धाम अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने प्रकोष्ठ की स्मारिका का विमोचन भी किया।
मुख्य अतिथि की आसंदी से उन्होंने शिविर को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहू समाज प्रगतिशील विचारों को अपनाकर निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ने वाला समाज है। खर्चीली शादियों के विकल्प के रूप में सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन की प्रेरणा इस समाज ने अन्य समाजों को दी है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी साहू समाज के सामूहिक विवाह समारोहों से प्रेरणा लेकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरूआत की है, जिसमें गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शिविर के आयोजन के लिए साहू समाज के महिला प्रकोष्ठ को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा के नाम पर डाक टिकट जारी करवाने के लिए राज्य सरकार पहल करेगी। डॉ. सिंह ने महिला सशक्तिकरण के लिए छत्तीसगढ़ में हो रहे कार्यों के लिए प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतों में राज्य सरकार ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। छत्तीसगढ़ खा़द्य एवं पोषण सुरक्षा कानून बनाकर राशनकार्ड परिवारों की महिला मुखिया के नाम से जारी किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ सियाराम साहू, विधायक डॉ. खिलावन साहू, लोकसभा सांसद ताम्रध्वज साहू और राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री ममता साहू सहित साहू समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयदत्त क्षीरसागर और अन्य अनेक वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित थे।
