00 पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुलाकात
रायपुर /मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से यहां उनके निवास कार्यालय में प्रदेश के तीरंदाजी के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के सचिव कैलाश मोरारका और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सोनमणि बोरा के नेतृत्व में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को बेहतर प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षक और अन्य संसाधन दिए जाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीरंदाजी के क्षेत्र में अच्छी संभावना हैं। प्रदेश के खिलाड़ी अच्छी मेहनत करे और ओलंपिक में पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रौशन करें। उन्होंने तीरंदाजी के बेहतर प्रशिक्षण के लिए संबंधित विभाग को तीरंदाजी प्रशिक्षक इतवारी राज और हीरू की सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।
जिसके बाद छत्तीसगढ़ पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के पैरा स्पोर्ट्स के तैराकी और एथलीट के खिलाड़ी शामिल थे। उन्होंने बताया कि गत दिनों जयपुर में आयोजित दिव्यांगजनों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम के खिलाड़ियों ने तैराकी में 65 और एथलेटिक्स में 20 पदक प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सभी राज्यों में से पांचवा स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें इसके लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से प्रशिक्षक और तैराकी के अभ्यास के लिए स्वीमिंग पूल की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें अभ्यास के लिए प्रशिक्षक सहित समस्त सुविधाएं शीघ्र प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पैराओलम्पिक टीम के खिलाड़ी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

