विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ रहा है छत्तीसगढ़: डॉ. रमन सिंह : मुख्यमंत्री ने 5000 मीटर की मैराथन दौड़ को दिखाई हरी झंडी

00 बच्चों के साथ सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह और जोश के साथ लगायी दौड़

रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे राजधानी रायपुर के मेरिन ड्राईव (तेलीबांधा) पर हरी झण्डी दिखा कर 5000 मीटर की मैराथन दौड़ को रवाना किया। इस मैराथन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा, बुजुर्ग, जनप्रतिनिधि और नागरिक उत्साह और जोश के साथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ विकास के रास्ते पर तेजी से  दौड़ रहा है। जनता के सहयोग और आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ ने विकास और प्रदेश के नव-निर्माण की पांच हजार दिनों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर कीर्तिमान स्थापित करने में सफलता पायी है। यह मैराथन दौड़ प्रतीक है, युवा होते छत्तीसगढ़ का जो विकास की नयी ऊंचाईयों को छूने के लिए तैयार है। उन्होंने कल 15 अगस्त को देश की आजादी की 70 वीं वर्षगांठ पर जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, कृषिमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्रीचंद सुंदरानी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष छगन मूंदड़ा और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कमलचंद भंजदेव इस अवसर पर विशेष अतिथि के रुप में उपस्थित थे।

मैराथन दौड़ शास्त्री चौक, जेल रोड और केनाल रोड होते हुए तेलीबांधा मेरिन ड्राईव पर समाप्त हुई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ का नव-निर्माण नई पीढ़ी के लिए है, नई पीढ़ी को आने वाले समय में हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करना है और प्रदेश के विकास में अपना सक्रिय योगदान देना है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। इस विकास यात्रा में छत्तीसगढ़ का भी महत्वपूर्ण योगदान है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को बिना थके, बिना रुके लगातार परिश्रम करना है। युवा जिस क्षेत्र में भी जाएं वहां सफल होने का प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य सरकार की स्काई योजना की जानकारी देते हुए कहा कि निकट भविष्य में प्रदेश के 45 लाख लोगों को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। आज पांच हजार मीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गयी, आने वाले समय में हम दस हजार मीटर की मैराथन का आयोजन करने में भी अवश्य सफल होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आम जनता से जुड़ाव से ही छत्तीसगढ़ को विकास के मामले में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में एकमात्र राज्य है, जिसने जनता को कौशल उन्नयन का अधिकार दिया है।
कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि मैराथन दौड़ प्रतीक है, हमेशा चलते रहने, हमेशा काम करते रहने का। इसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है।

विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने पांच हजार दिनों की विकास यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के लक्ष्य प्राप्ति के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार तेजी से अग्रसर है।

छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष कमलचंद भंजदेव ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. सिंह को प्रदेश के युवाओं की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सशक्त युवाओं से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव और संचालक जनसंपर्क राजेश सुकुमार टोप्पो ने कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव मुकेश बंसल, रायपुर जिले के कलेक्टर ओ.पी.चौधरी, भारतीय ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी के सदस्य विक्रम सिसोदिया, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला, जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निलेश क्षीरसागर और नगर निगम रायपुर के आयुक्त रजत बंसल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!