Advertisement Carousel

10 फरवरी – राष्ट्रीय लोक अदालत का होगा आयोजन, मुख्य न्यायाधिपति श्री टी वी राधाकृष्णन करेंगे शिरकत

कोरिया / जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में कल 10 फरवरी को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति श्री टी वी राधाकृष्णन करेंगे। आयोजन के मद्देनज़र जिला न्यायालय परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही है।

इस बारे में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरिया के अध्यक्ष विजय कुमार एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला मुख्यालय बैकुंठपुर समेत मनेंद्रगढ़,जनकपुर और चिरमिरी में कल राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला न्यायालय बैकुंठपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति टी वी राधाकृष्णन द्वारा किया जाएगा।

श्री एक्का ने बताया कि इस अदालत में राजीनामा योग्य प्रकरणों की सुनवाई होगी जिसमें मुख्य रूप से बीमा क्लेम, मोटर दुर्घटना दावा, सिविल के मामले, पारिवारिक भरण पोषण के मामले जैसे अन्य मामलों पर सुनवाई होकर उनका निराकरण किया जाएगा। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद यह दूसरा अवसर है जब छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधिपति कोरिया जिले के दौरे पर रहेंगे।

इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री भावना नायक,अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री नीरज शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री राधिका सैनी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के के सूर्यवंशी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार एक्का ने समस्त जिला वासियों से इस राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।

error: Content is protected !!