Advertisement Carousel

अपवित्र है कांग्रेस-जेडीएस का गठबंधन : अमित शाह

नई दिल्ली / भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा सबसे बड़े दल के रूप में कर्नाटक में सरकार बनाने की पहल कर भाजपा ने किया जनादेश का सम्मान। पार्टी अध्यक्ष ने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को बताया अपवित्र।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद लगातार तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पहली बार भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली में एक प्रेस कान्फ्रेंस की। अमित शाह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन पर करारा प्रहार किया और इसे अनैतिक गठबंधन करार दिया। शाह ने ना सिर्फ राज्य में सरकार गठन के बीजेपी के फैसले को सही ठहराया बल्कि खरीद फरोख्त के कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया ।

कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा के बहुमत परीक्षण से पहले इस्तीफा देने और अब कुमारस्वामी की सरकार गठन की तैयारियों के बीच बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन पर जोरदार हमला बोला है । कर्नाटक के घटनाक्रम के बाद दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर आयोजित अपनी पहली प्रेस कांफ्रेस में अमित शाह ने न केवल सरकार गठन के बीजेपी के फैसले को सही ठहराया बल्कि खरीद फरोख्त के कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया । कांग्रेस और जेडीएस के मिलकर सरकार बनाने को अमित शाह ने जनादेश के खिलाफ बताते हुए इसे अपवित्र और अनैतिक करार दिया ।

सरकार गठन के येदियुरप्पा के दावे को पूरी तरह सही बताते हुए अमित शाह ने कहा कि जब किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं है तो पहला अधिकार सबसे बडे दल का है । अगर बीजेपी दावा न करती तो ये जनता का अपमान होता । अमित शाह ने कहा जेडीएस ने पूरा प्रचार कांग्रेस के खिलाफ किया और आज वो सरकार बना रहे हैं । कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि आधे से ज्यादा मंत्रियों हारने के बाद भी कांग्रेस जीत का दावा कर रही है । अमित शाह ने कहा कांग्रेस बीजेपी पर हार्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया लेकिन कांग्रेस ने पूरा का पूरा अस्तबल ही बेच खाया। अमित शाह के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई दौरान ही केस को प्रभावित करने के लिए गलत तरीके से कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का झूठा मामला उठाया ।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कर्नाटक की आधी-अधूरी जीत से ये बात अच्छी हुई है कि कांग्रेस को अब लोकतांत्रिक संस्थाओं में भरोसा जगा । कांग्रेस को अब सुप्रीम कोर्ट ईवीएम और चुनाव आयोग अच्छे लगने लगे है । अमित शाह ने कहा कि मोदी जी का विजय रथ दक्षिण में भी पहुंच गया है। कर्नाटक के ताजा नतीजों के बाद विपक्ष की एकजुटता के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि उन्हें विपक्ष से डर नहीं है और 2019 में बीजेपी को पहले से ज्यादा बहुमत आएगा ।

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की प्रेस कांफ्रेस के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार करने में देर नहीं की और कहा कि पॉपुलर वोट कांग्रेस को मिले हैं । कांग्रेस ने अमित शाह के इस दावे को गलत बताया कि जनादेश बीजेपी को मिला है । कुल मिलाकर कर्नाटक का सियासी घमासान भले ही फिलहाल खत्म हो गया हो लेकिन लगता है कि आरोप प्रत्यारोपों का का ये दौर थमने वाला नहीं है।

error: Content is protected !!