बता दे की थाना कोंटा इलाके के मुरलीगुडा की ओर पार्टी सर्च अभियान के लिए निकली हुई थी, तभी जंगल में दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए बारसे राजा (आरपीसी अध्यक्ष मेहता पंचायत) और मड़कम बंडी से पूछताछ करने पर नक्सली गतिविधियों में शामिल होना पाया गया. इनमें से डीकेएमएस अध्यक्ष मड़कम बंडी पर छत्तीसगढ़ सरकार ने एक लाख का इनाम घोषित कर रखा है. दोनों नक्सली सुकमा जिले गोलापल्ली के रहने वाले हैं. इनकी ओर से हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ के पास बम लगाने का आरोप है. इसी प्रकार चिंतलनार थाना क्षेत्र के ग्राम कोत्तागुड़ा और तिमिरगुडा के मध्य नाले के पास दबिश देकर मड़कम देवा उर्फ वड्डे को गिरफ्तार किया है. यह पूर्व डीकेएमएस अध्यक्ष रहा है. इस पर मोटरसाइकिल लूटने व मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं. इसी जिले में जगरगुंडा इलाके में ग्राम विलियमपल्ली एवं राजपेंटा के मध्य घेराबंदी कर डीकेएमएस में सदस्य लेकाम कामा को गिरफ्तार किया गया है. इस पर चिंतावागू नाला के पास रोड में आईडी ब्लास्ट कर फायरिंग करने का आरोप है.
सभी नक्सलियों को सुकमा कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
