दुर्ग, छत्तीसगढ़
महादेव सट्टा एप के फरार आरोपी धर्मेंद्र जायसवाल की पार्टी में शामिल होना दो थाना प्रभारियों को भारी पड़ गया। पार्टी के फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीजीपी अरुण देव गौतम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय (PHQ) अटैच कर दिया है।
आपको बता दे कि दुर्ग में महादेव सट्टा एप के फरार मुख्य आरोपी धर्मेंद्र जायसवाल द्वारा आयोजित एक पार्टी में थाना प्रभारी कपिल देव पांडेय और चेतन सिंह चंद्राकर के शामिल होने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी अरुण देव गौतम ने दोनों थाना प्रभारियों को उनके पद से हटा दिया और PHQ अटैच कर दिया है। साथ ही, एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर पर भी कड़ी कार्रवाई के संकेत मिले हैं।
गृह विभाग ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच पूरी होते ही और कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी में आरोपी धर्मेंद्र जायसवाल के साथ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी सिर्फ संयोग नहीं, बल्कि संभावित सांठगांठ की ओर इशारा कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस और संगठित अपराध के बीच संभावित मिलीभगत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें गृह विभाग की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
