Advertisement Carousel

संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की तृतीय वर्षगांठ 10 जून को


रायपुर। श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर, चौबे कॉलोनी में मंगलवार, 10 जून को संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का तृतीय वार्षिक उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ भक्त सेवा मंडल द्वारा युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।

पिछले तीन वर्षों से हर मंगलवार रात्रि 7:41 से 8:21 तक चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी होते हैं। वर्षगांठ के विशेष दिन पर सुबह 6:30 बजे श्री गणेश मंदिर, अग्रसेन चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बच्चों द्वारा राम दरबार की झांकी, स्केटिंग पर सवार कलाकारों की लाइव रंगोली व फायर रंगोली, तथा तरुण सोनी टीम के भजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

छिंदवाड़ा के कलाकार राधा-कृष्ण की मोहक झांकी प्रस्तुत करेंगे, वहीं इस्कॉन मंदिर ग्रुप हरे रामा-हरे कृष्णा भजन संध्या से समां बाँधेंगे। शोभायात्रा घोड़ी-बग्गी, ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ समता व चौबे कॉलोनी होते हुए मंदिर पहुंचेगी।

मंदिर में सुबह 10 बजे से छप्पन भोग, पान भोग व 101 सवामणि भोग श्री हनुमान को अर्पित किए जाएंगे। पूजा, अभिषेक और ज्योत प्रज्वलन के साथ पूरा मंदिर परिसर आकर्षक फूलों से सुसज्जित रहेगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा।

संध्या 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक जेपी शर्मा, तारा साहू एंड पार्टी भजनों की अविरल श्रृंखला प्रस्तुत करेंगे। फूलों की वर्षा के साथ संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ व आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भंडारा भी होगा।


error: Content is protected !!