खमतराई पुलिस की अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत तीनों को भेजा गया जेल
रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में बुधवार रात अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। तीनों अलग-अलग स्थानों पर चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने की हरकत कर रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई ओवरब्रिज के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को पकड़ा, जिसकी पहचान सुरेश साहू (23), निवासी दलदल सिवनी, थाना पंडरी के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट, अवैध शराब बिक्री और आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं।
इसी तरह खमतराई बाजार के पास भी एक युवक लोगों को चाकू दिखाकर डराने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम युवराज सिंह (19), निवासी न्यू राजेंद्र नगर, उरला है।
तीसरी कार्रवाई श्रीनगर ओवरब्रिज के नीचे की गई, जहां डगेश धीवर (19), निवासी गोगांव, थाना गुढ़ियारी को चाकू के साथ पकड़ा गया।
तीनों के खिलाफ खमतराई थाने में अलग-अलग मामलों (क्रमांक 598/25, 599/25 और 600/25) के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
