कोंडागांव में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये की कर रहा था मांग
कोंडागांव।
भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कोंडागांव में पदस्थ नायब तहसीलदार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राधाकृष्ण देवांगन ने अपनी भूमि को बेजा कब्जे से मुक्त कराने हेतु आवेदन दिया था। इस कार्य को पूरा करने के एवज में नायब तहसीलदार द्वारा 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
राधाकृष्ण देवांगन ने मामले की शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी नायब तहसीलदार को तय रकम लेते हुए पकड़ लिया गया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। आम जनता इसे भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक सकारात्मक कदम मान रही है।
