रायपुर। 21 जुलाई 2025
तेजी से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और हादसे में घायल लोगों को समय पर सहायता देने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा गठित ‘पुलिस मितान’ योजना को ज़मीनी स्तर पर विस्तार दिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में इस पहल के तहत अब तक करीब 4000 नागरिकों को ‘पुलिस मितान’ के रूप में चिन्हित किया गया है।
इसी कड़ी में सोमवार को यातायात कार्यालय, कालीबाड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में 115 नए पुलिस मितानों को एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने टी-शर्ट वितरित कर बधाई दी। उन्होंने मितानों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क हादसों के शिकार लोगों को त्वरित इलाज दिलवाने, सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाने, और सड़क सुरक्षा के अन्य उपायों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
डॉ. सिंह ने कहा कि दुर्घटना के बाद का पहला घंटा “गोल्डन ऑवर” होता है। यदि इस दौरान घायल को इलाज मिल जाए, तो उसकी जान बचने की संभावना 90% तक होती है। लेकिन अक्सर लोग पुलिस, अस्पताल या कोर्ट की प्रक्रिया से डरकर मदद नहीं करते, जिससे कई बार मौके पर ही मौत हो जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़कों पर बैठे मवेशी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इससे न केवल लोगों की जान जाती है, बल्कि मवेशियों की भी अकाल मौत होती है। पुलिस मितान इन मवेशियों को सड़क से हटाने और उनके गले में रेडियम बेल्ट पहनाने में सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में यह घोषणा भी की गई कि पुलिस मितान के रूप में सेवा देने वाले युवाओं को निःशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट भी वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही एक बड़ा आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर यातायात उप पुलिस अधीक्षक गुरजीत सिंह सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
