Advertisement Carousel

ऑपरेशन साइबर शील्ड : सोशल मीडिया पर 262 फर्जी ID का खुलासा, 11 आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय एक बड़े ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफार्म पर महिलाओं की तस्वीरें लगाकर फर्जी ID बनाता था और विवाह के नाम पर लोगों से ठगी करता था। पुलिस ने जमशेदपुर (झारखंड) और बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में कार्रवाई करते हुए गिरोह के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 36 मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई है।


रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने अब तक 262 फर्जी सोशल मीडिया ID बनाई थीं, जिनके 50 लाख से अधिक फॉलोवर थे। इन ID के जरिए महिलाओं की फोटो के साथ फर्जी मोबाइल नंबर वायरल कर लोगों को ठगा जा रहा था।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले दो सालों से जमशेदपुर और सरकंडा (बिलासपुर) में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। वे विवाह के इच्छुक व्यक्तियों को फर्जी बायोडाटा, मोबाइल नंबर और पता देने के नाम पर रकम वसूलते थे। ठगी की रकम को छिपाने के लिए आरोपी म्यूल बैंक अकाउंट का इस्तेमाल करते थे।


थाना डीडी नगर, रायपुर में इस मामले में HDFC बैंक के 79 म्यूल बैंक अकाउंट को लेकर अपराध क्रमांक 424/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।


रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा इस प्रकरण की विवेचना की जा रही है।


गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के शुभम दास, लक्ष्मण गोप, असित पातर और बिलासपुर के सूरज पटेल, सुखसागर कैवर्त, मानसु डाहिरे, अनिकेत कुलदीप, करण पुष्पकार, रमाकांत गंधर्व, सिराज खान और त्रियंबक कुमार भास्कर उर्फ बाबू शामिल हैं।


सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।


पुलिस का कहना है कि जांच में और भी लोगों के नाम सामने आए हैं, जो इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। ऐसे सभी व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

error: Content is protected !!