बिलासपुर। सुनील सिंह की कलम।
जिले में लगातार दूसरे दिन हत्या की बड़ी वारदात सामने आई है। सकरी थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास LCIT स्कूल के ड्राइवर का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रहलाद कुमार के रूप में हुई है, जो चिल्हाटी सोन लोहरसी का निवासी बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रहलाद कुमार का शव धारदार हथियार के वार के साथ सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस इसे प्रारंभिक रूप से हत्या की सुनियोजित वारदात मान रही है। आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि बीते दिन ही बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म संचालक की हत्या हुई थी, जिसके बाद आज दूसरी हत्या से शहर में दहशत फैल गई है। लगातार दो दिनों में दो हत्याओं ने अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
