Advertisement Carousel

सड़क हादसे में इंसानियत बनी मिसाल, राजेश राजवाड़े की तत्परता से बची एसईसीएल कर्मी की जान


बैकुंठपुर।
कोरिया जिले में CMHO कार्यालय के समीप कंचनपुर मंदिर के पास नदी के ऊपर टर्निंग पर बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में जुम्मन खान, निवासी चर्चा, एसईसीएल झिलमिली में कार्यरत, गंभीर रूप से घायल हो गए।


दुर्घटना के बाद वे सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिससे मुंह, कान और नाक से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था।


इसी दौरान मझगवा निवासी भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री राजेश राजवाड़े अपने निजी कार्य से कुडेली जा रहे थे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वाहन रोककर एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी।


स्थिति को नाजुक देख राजवाड़े ने प्रदीप पैकरा एवं प्रीति पैकरा (C.H.O., उप स्वास्थ्य केंद्र अमहर) के सहयोग से घायल को एक्टिवा स्कूटी के माध्यम से तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया।


घायल का मोबाइल फोन अनलॉक होने के कारण परिजनों से तुरंत संपर्क किया गया और उनके पुत्र को अस्पताल बुलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए उन्हें तत्काल रेफर कर दिया।


इस पूरी घटना में राजेश राजवाड़े, प्रदीप पैकरा एवं प्रीति पैकरा की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता ने एक बार फिर साबित किया कि सही समय पर लिया गया निर्णय किसी की जान बचा सकता है।

error: Content is protected !!