सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को इस साल की अब तक की सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी को छिपाने के लिए गांजा को पिकअप वाहन में सब्जियों की आड़ में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गांजा से भरी गाड़ी के साथ-साथ पायलटिंग कर रही रेनॉल्ट कार को भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सरिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से भारी मात्रा में गांजा सब्जी से लदी पिकअप में छत्तीसगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों तक भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में रखी सब्जियों के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
जब्त किए गए गांजा का कुल वजन 300 किलो 200 ग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि गांजा की पायलटिंग कर रही रेनॉल्ट कार को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
पकड़े गए आरोपी का नाम राहुल कुमार राजपूत बताया गया है, जो थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग दिए हैं।
पुलिस अब इस पूरे मामले को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां दी जानी थी।
इस बड़ी कार्रवाई से जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
