रायपुर / बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक बयान को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने जेपी नड्डा के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग करते हुए पुलिस को औपचारिक आवेदन सौंपा है।
कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने बताया कि जांजगीर दौरे के दौरान बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा झीरम घाटी हत्याकांड का जिस तरह से जिक्र किया गया, वह न केवल आपत्तिजनक है बल्कि इससे शहीद कांग्रेस नेताओं की स्मृति और भावनाओं को ठेस पहुंची है।
इस मामले को गंभीर बताते हुए कांग्रेस की ओर से जांजगीर थाना, पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिदेशक को लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में जेपी नड्डा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि झीरम हत्याकांड जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मामले की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए जेपी नड्डा के नार्को टेस्ट की भी मांग की है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन करने पर मजबूर होगी। वहीं, बीजेपी की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
