महिला की मौत पर डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर FIR
दुर्ग। धमधा क्षेत्र के श्रेया हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला ग्राम अछोली निवासी पदमाबाई वर्मा से जुड़ा है, जिनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, पदमाबाई वर्मा के आंगन में गिरने से पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें श्रेया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में किए गए ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि बिना परिजनों की सहमति के महिला को शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि श्रेया हॉस्पिटल के दो कर्मचारी महिला को शंकराचार्य अस्पताल छोड़कर वहां से भाग गए। शंकराचार्य अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई, जिसे अस्पताल प्रबंधन ने अज्ञात शव के रूप में दर्ज कर सूचना दी। इससे परिजनों को पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा।
मामले की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच टीम गठित की। धमधा एसडीएम सोनल डेविड के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने पूरे प्रकरण की जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉ. अभिषेक और मनीष राजपूत के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
