रायपुर, 12 जनवरी 2026। नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में शनिवार से जनसंपर्क अधिकारियों की दो दिवसीय राज्य स्तरीय कौशल संवर्धन कार्यशाला की शुरुआत हुई। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारियों को एक्सक्लूसिव स्टोरी तैयार कर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया सहित सभी माध्यमों का प्रभावी उपयोग करना चाहिए, ताकि शासन की योजनाएं और फैसले अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच सकें। उन्होंने घोषणा की कि जिन अधिकारियों की स्टोरी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रकाशित होगी, उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. मित्तल ने कहा कि जनसंपर्क का माध्यम लगातार बदल रहा है और नई तकनीक तथा एआई टूल्स से कम समय में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने पत्रकारिता संस्थानों के विद्यार्थियों को जनसंपर्क विभाग में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी जवाहरलाल दरियो, संजीव तिवारी, उमेश मिश्रा और आलोक देव ने जनसेवा में स्पष्ट, सरल और समयबद्ध संवाद को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य समाचार लेखन, टीवी सहभागिता और सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग के माध्यम से जनसंपर्क को अधिक सशक्त, आधुनिक और संवेदनशील बनाना है।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में दैनिक भास्कर के संपादक शिव दुबे ने ‘पाठक-अनुकूल लेखन और प्रभावी सरकारी समाचार प्रस्तुति’ पर मार्गदर्शन दिया। दूसरे सत्र में आकाशवाणी के समाचार संपादक विकल्प शुक्ला ने टीवी मीडिया की कार्यप्रणाली, विजुअल स्टोरी प्रस्तुति और बाइट मैनेजमेंट पर चर्चा की। तीसरे सत्र में डिजिटल और एआई विशेषज्ञ राकेश साहू ने सोशल मीडिया और एआई टूल्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी, जबकि अंतिम सत्र में जनसंपर्क संचालनालय भोपाल के पूर्व संचालक लाजपत आहूजा ने स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट और क्राइसिस कम्युनिकेशन पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में राज्यभर से आए जनसंपर्क अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
