Advertisement Carousel

सेक्स सीडी कांड में बड़ा झटका: भूपेश बघेल की बढ़ीं मुश्किलें, सेशन कोर्ट ने पलटा CBI कोर्ट का फैसला


रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सेशन कोर्ट ने CBI की निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए रिव्यू पिटिशन मंजूर कर ली है। अब इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलेगा।


गौरतलब है कि CBI की लोअर कोर्ट ने मार्च 2025 में भूपेश बघेल को इस मामले में आरोपों से बरी कर दिया था, लेकिन सेशन कोर्ट ने उस आदेश को निरस्त करते हुए केस को फिर से जीवित कर दिया है।


क्या है पूरा मामला?
अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस वक्त भूचाल आ गया था जब एक कथित सेक्स सीडी सामने आई थी, जिसे तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत से जोड़ा गया। शिकायत के बाद पुलिस को इनपुट मिला कि यह CD दिल्ली में बनाई गई थी, जिसकी कड़ी पत्रकार और कांग्रेस के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा से जुड़ी।


इसी आधार पर विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया गया था। बाद में सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल की भी गिरफ्तारी हुई थी।


भाजपा नेता प्रकाश बजाज की शिकायत पर 26 अक्टूबर 2017 को रायपुर के पंडरी थाने में पहला मामला दर्ज किया गया था, जिसमें ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए गए थे।

अब क्या होगा?
सेशन कोर्ट के इस फैसले के बाद मामले में दोबारा सुनवाई होगी और सभी आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चलेगा। यह फैसला छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बड़ा तूफान खड़ा कर सकता है।

error: Content is protected !!