रायपुर, 28 जनवरी 2026 — छत्तीसगढ़ विधानसभा का अष्टम बजट सत्र आगामी 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेगा। सरकार ने इस सत्र के लिए औपचारिक प्रस्ताव राज्यपाल रमेन डेका को भेज दिया है, जिसके बाद सदन में कार्यसूची का निर्धारण किया गया है।
इस बार के बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिसमें राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र का औपचारिक उद्घाटन होगा। इसके बाद सदन में अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी और फिर बजट प्रस्तुति समेत वित्तीय कार्य, अनुदान मांगों पर चर्चा और विधायी कार्य संपन्न किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, सत्र के पहले सप्ताह में सदन में वित्तीय घोषणाओं को अंतिम रूप देने के लिए चर्चा होगी, और बजट प्रस्तुति की तारीख वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा अंतिम रूप से तय की जाएगी। प्रारंभिक चर्चा के अनुसार यह 28 फरवरी या 1 मार्च को पेश किया जा सकता है।
सत्र के बीच होली अवकाश और विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद 20 मार्च को विनियोग विधेयक पारित कर सत्र का समापन किया जाएगा। इस बजट सत्र में सरकार के महत्वाकांक्षी विधेयक जैसे धर्मांतरण विरोधी विधेयक को पारित कराने की योजना भी शामिल है, जिसे पिछले दो सत्रों में प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पहले स्पीकर रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बैठक में सत्र की तैयारियों और रणनीति पर भी विस्तार से विचार किया गया था।
