रायपुर। महासमुंद जिले के बसना-गढ़फुलझर क्षेत्र में सिख समाज के लिए ऐतिहासिक महत्व रखने वाले गुरुद्वारा साहिब निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। आगामी 15 मार्च को आयोजित होने वाले भूमि पूजन और होला मोहल्ला उत्सव में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यक्रम की तैयारियों और उसके धार्मिक व ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि बसना-गढ़फुलझर की यह भूमि अत्यंत पवित्र मानी जाती है, क्योंकि यहां सिख धर्म के प्रथम गुरु Guru Nanak Dev के पावन चरण पड़े थे। इसी ऐतिहासिक स्मृति को सहेजने के उद्देश्य से यहां गुरुद्वारा साहिब का निर्माण किया जा रहा है। यह स्थल प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर के सिख श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन के लिए सिख समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता की कामना भी की।
इस अवसर पर गगन हंसपाल, जस्सी खनूजा, शैबी बग्गा, गुरविंदर सिंह, सन्नी सिंह, धरम सिंह, चरणजीत गरचा, जसमीत सिंह और सरबजीत सिंह खनूजा सहित सिख समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
